संसार

… तो इन शर्तों पर डोनाल्ड ट्रंप मानेंगे किम जोंग उन की हर बात

Posted on

सियोल। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन ने सोमवार को यहां कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के प्रति बेहद दोस्ताना नजरिया रखते हैं। अगर किम परमाणु निरस्त्रीकरण करते हैं तो ट्रंप उनकी हर इच्छा पूरी कर देंगे। ट्रंप और किम की गत जून में सिंगापुर में ऐतिहासिक शिखर वार्ता हुई थी। इसमें किम ने परमाणु निरस्त्रीकरण के बदले अमेरिका से सुरक्षा की गारंटी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से राहत की मांग की थी।मून ने पत्रकारों से कहा, ‘अर्जेटीना में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर मेरी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात हुई थी। ट्रंप ने अपना संदेश किम तक पहुंचाने को कहा है। उन्होंने किम के साथ सिंगापुर में हुए समझौते को पूरी तरह लागू किए जाने की उम्मीद जताई है। ऐसा होने पर वह किम की सभी इच्छाएं पूरी कर देंगे।’
सियोल जा सकते हैं किम:-मून ने बताया कि ट्रंप और उनमें यह सहमति बनी कि किम का सियोल दौरा अमेरिका और उत्तर कोरिया के कूटनीतिक संबंध में सकारात्मक भूमिका निभाएगा। अभी हालांकि यह साफ नहीं है कि उत्तर कोरिया के नेता इस साल के अंत तक दक्षिण कोरिया का दौरा करेंगे या नहीं। उत्तर कोरिया के शांति की राह पर आने के बाद किम और मून की इस साल तीन बार मुलाकात हो चुकी है। मून ने गत सितंबर में उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग का दौरा किया था। इस दौरान किम ने कहा था कि वह इस साल दक्षिण कोरियाई राजधानी सियोल का दौरा करेंगे। अगर वह यह दौरा करते हैं तो 1950-53 के कोरियाई युद्ध के बाद सियोल जाने वाले पहले उत्तर कोरियाई नेता होंगे।

 

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO