भारत

पीएम मोदी ने राजस्थान के भीलवाड़ा, डूंगरपुर और कोटा में की चुनावी रैलियां

Posted on

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान में ताबड़तोड़ तीन रैलियां की. भीलवाड़ा, डूंगरपुर और कोटा में आयोजित चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने कांग्रेस द्वारा उन पर किए गए हमलों का भी एक-एक कर जवाब दिया.

राजस्थान में विधानसभा चुनाव प्रचार अपने रोचक दौर से गुजर रहा है. राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी ने इसे और धार दे दी है. प्रधानमंत्री ने सोमवार को पहली रैली की शुरुआत भीलवाड़ा से की जहां से उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा. यही नहीं, जनसभा में प्रधानमंत्री ने मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को लेकर भी कांग्रेस पार्टी पर भी हमला किया.

प्रधानमंत्री ने उन पर जाति को लेकर हो रहे हमले का भी करारा जवाब दिया. उन्होंने कांग्रेस पर जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब देश का प्रधानमंत्री विदेश जाता है तो सामने वाले को उसकी एक ही जाति दिखती है वो है – सवा सौ करोड़ हिन्दुस्तानी.

भीलवाड़ा के बाद प्रधानमंत्री ने डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में सभा की. यहां भी उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर किसानों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाते हए कहा कि कांग्रेस किसानों की बात करती है लेकिन राहुल गांधी को पेड़ और पौधे में फर्क ही नहीं पता.

प्रधानमंत्री का चुनावी प्रचार अभियान कोटा में थमा. कोटा में उन्होंने जनता को उनकी वोट की ताकत का अहसास कराते हुए कहा कि दिल्ली में अब ऐसी सरकार है, जिसने 90 हजार करोड़ रुपये बचाए हैं. प्रधानमंत्री ने यहां एक बार फिर पूछा कि राजस्थान में कांग्रेस का नेता कौन है.

राजस्थान में 7 दिसंबर को विधानसभा का चुनाव है. प्रधानमंत्री की चुनावी सभाओं से राज्य में प्रचार को गति मिली है. आने वाले दिनों में भी ये रफ्तार और बढ़ेगी.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO