संसार

श्रीलंकाः नई इमारत के लिए खुदाई कर रहे थे मजदूर, एक-एक कर निकले करीब ढाई सौ नरकंकाल

Posted on

कोलंबो। श्रीलंका के तमिल बहुल मन्नार शहर में एक निर्माण कार्य के दौरान मिली कब्र से अब तक 230 से ज्यादा नरकंकाल निकाले जा चुके हैं। श्रीलंका में यह सबसे बड़ी सामूहिक कब्र बताई जा रही है। यह कब्र शहर के मुख्य बस अड्डे के पास गत अगस्त में उस समय मिली थी जब एक नई इमारत के निर्माण के लिए मजदूर खोदाई कर रहे थे। इस दौरान वहां कई मानव अवशेष मिले थे। इसके बाद कोर्ट ने निर्माण स्थल पर व्यापक खोदाई करने का आदेश दिया था।अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये नरकंकाल किन लोगों के हैं और उनकी मौत कैसे हुई थी? खोदाई कार्य का नेतृत्व कर रहे केलानिया यूनिवर्सिटी के फोरेंसिक पुरातत्वविद राज सोमदेव ने कहा, ‘हम अब तक 230 से ज्यादा कंकाल निकाल चुके हैं। इस कब्र से मानव अवशेष के अलावा चीनी मिट्टी के बर्तन, धातु के सामान और कंकालों से कुछ आभूषण भी मिले हैं।’
मन्नार से लापता हुए थे सैकड़ों लोग:-मन्नार में तमिलों की बड़ी आबादी रहती है। इस समुदाय के नेताओं का कहना है कि श्रीलंकाई सुरक्षा बलों और लिट्टे के बीच दशकों तक चले संघर्ष के दौरान क्षेत्र के सैकड़ों लोग लापता हो गए थे। गृहयुद्ध के दौरान यह इलाका सेना के नियंत्रण में था और बाहरी इलाकों में लिट्टे का दबदबा था।
मिल चुकी हैं कई सामूहिक कब्र:-साल 2009 में लिट्टे के साथ संघर्ष समाप्त होने के बाद से श्रीलंका में कई सामूहिक कब्रों की खोज हो चुकी है। 2014 में मन्नार के एक अन्य इलाके में 96 लोगों की सामूहिक कब्र मिली थी।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO