भारत

प्रयागराज से दिल्ली को चलेंगे पानी के जहाज, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Posted on

प्रयागराज – जल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए यमुना नदी में पानी के जहाज चलाए जाएंगे। इसमें पर्यटकों के लिए मिनी क्रूज भी होंगे। वाणिज्यिक जहाज भी संचालित होंगे। भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण की ओर से इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
बुधवार को प्रमुख सचिव पर्यटन आराधना शुक्ला, प्राधिकरण के निदेशक एके मिश्रा, चीफ इंजीनियर एसवाईके रेड्डी, प्रयागराज के डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम वित्त एवं राजस्व एमपी सिंह की हुई महत्वपूर्ण बैठक में जल्द ही कार्य शुरू कराने पर सहमति बनी। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) का प्रजेंटेशन भी हो गया। यह राष्ट्रीय जलमार्ग मार्ग 1010 होगा।
जलमार्ग के लिए प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, आगरा, मथुरा समेत आठ जिलों में यमुना किनारे टर्मिनल तथा चार जिलों में जेटी बनाए जाएंगे। इन जिलों के अफसर भी बैठक में मौजूद रहे। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त बजट से यह कार्य शुरू हो सकेगा। एडीएम वित्त ने बताया कि इसके लिए प्रयागराज में तैयारियां तेज हो गई हैं।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जलमार्ग से प्रयागराज से नई दिल्ली की यात्रा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा मालवाहक जहाजों से सामान भी लाए जाए जा सकेंगे। इससे परिवहन की कीमत तो कम आएगी ही, साथ में सड़क मार्ग पर दबाव भी कुछ न कुछ कम ही होगा।
जलस्तर नापने को आईं मशीनें
प्रयागराज से दिल्ली के लिए पानी के जहाज संचालित किए जाने के लिए जलस्तर नापने को मशीनें यहां आ गई हैं। ये मशीनें पानी वाले जहाज से ही लाई गई हैं। ये मशीनें चुनार और पटना से मंगाई गई हैं। जहां कम पानी होगा, वहां से जहाज निकालने के लिए ड्रेजिंग मशीन भी जहाज से लाई गई है।
कुंभ में भी चलेंगे क्रूज व जहाज
कुंभ के दौरान दो छोटे जहाज और दो मिनी क्रूज संचालित किए जाने की योजना है। एडीएम वित्त ने बताया कि यमुना नदी में सुजावन देव मंदिर घाट से गऊघाट, बोट क्लब, सरस्वती घाट, किला घाट, अरैल घाट व छतनाग घाट के लिए ये छोटे जहाज और मिनी क्रूज संचालित होंगे।
वाराणसी के रामनगर भी चलेंगे
इसी माह 12 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के रामनगर से हल्दिया तक जलमार्ग का शुभारंभ किया। प्रयागराज से भी जल्द ही रामनगर के लिए जलमार्ग से आवागमन शुरू किया जा सकेगा।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO