भारत
उपराष्ट्रपति ने विलर्स गुस्लां में इंडियन वॉर मेमोरियल का किया उद्घाटन
फ्रांस के दौरे पर गए उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू प्रथम विश्व युद्ध के समापन के शताब्दी समारोह में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व। उपराष्ट्रपति ने फ्रांस के विलर्स गुस्लां टाउन में इंडियन आर्म्ड फोर्स मेमोरियल का अनावरण किया।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू तीन दिन के फ्रांस के दौरे पर हैं। उपराष्ट्रपति वहां प्रथम विश्व युद्ध के समापन के शताब्दी समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस शताब्दी समारोह में 50 से अधिक देशों के प्रमुख, सरकारों के मुखिया और उनके प्रतिनिधि भाग लेंगे। पेरिस में मुख्य समारोह आर्क दे ट्रायम्फ स्मारक पर आयोजित किया जाएगा जिसकी अध्यक्षता फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों करेंगे। उपराष्ट्रपति ने कल विलर्स गुस्लां में इंडियन वार मेमोरियल का उद्घाटन किया। भारत प्रथम विश्वयुद्ध में सबसे अधिक सैनिक भेजने वाले देशों में एक था। इंडियन वार मेमोरियल का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उपराष्ट्रपति ने वहां पर एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस मौके पर विलर्स गुस्लां के मेयर और फ्रांस में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा भी मौजूद थे।