व्यापार

इस मामले में हुंडई ने मारूति को पछाड़ा, जानें टाटा मोटर्स व महिंद्रा का हाल

Posted on

नई दिल्ली – भारतीय यात्री वाहन बाजार में बिक्री बाद सेवा (सर्विस) के मामले में ग्राहक संतुष्टि (कस्टमर सैटिस्फैक्शन) में हुंदै मोटर इंडिया सबसे आगे रही है। टाटा मोटर्स दूसरे और महिंद्रा एंड महिंद्रा तीसरे नंबर पर रही। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया को 8वां स्थान मिला है। वैश्विक बाजार अनुसंधान फर्म जेडी पावर के सालाना सर्वेक्षण में यह निष्कर्ष सामने आया है।
भारतीय ग्राहक सेवा सूचकांक 2018 नामक रिपोर्ट में कहा गया है कि हुंदै 912 अंक के साथ ग्राहक सेवा संतुष्टि में अव्वल रही। टाटा मोटर्स 874 अंक के साथ दूसरे स्थान और महिंद्रा एण्ड महिन्द्रा 865 अंक के साथ तीसरे पायदान पर रही। इसके बाद फोर्ड (829 अंक) चौथे, टोयोटा (827 अंक) पांचवें स्थान पर रही है। मारुति सुजुकी इंडिया 804 अंक के साथ 8वें स्थान पर रही है।
जेडी पावर यह अध्ययन 22 साल से कर रही है। इसमें नया वाहन खरीदने के बाद उसके मालिकों से बिक्री बाद सेवा की गुणवत्ता को लेकर उनकी राय जानी जाती है। इसमें बिक्री बाद सेवा के मामले में पांच कारकों को देखा जाता है। सेवा की गुणवत्ता, वाहन के गति पकड़ने की रफ्तार, सेवा सलाहकार, सेवा सुविधा और उसकी शुरुआत के मानकों पर अंक तय किये जाते हैं।
यह अध्ययन नया वाहन खरीदने वाले 9,045 वाहन मालिकों से ली गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया। इन लोगों ने मार्च 2015 से अगस्त 2017 के दौरान ये नये वाहन खरीदे। अध्ययन में कहा गया है कि यह महत्वपूर्ण है कि भारत में वाहन उद्योग में युवा ग्राहकों की भागीदारी बढ़ रही है। सर्विस के लिए डीलरों के पास जाने वाले ग्राहकों में 28 प्रतिशत ग्राहक 30 साल या उससे भी कम उम्र के हैं।

 

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO