हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने यमुना शरद महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने की घोषणा की

Posted on

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंगलवार शाम जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में तीन दिवसीय यमुना शरद महोत्सव में भाग लेते हुए इस उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के संवाहक हैं, जिन्हें संरक्षित रखने के लिए सभी को योगदान देना चाहिए। इन मेलों व त्यौहारों के माध्यम से न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षण मिलता है, बल्कि लोगों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र भी बनते हैं।

जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर पावंटा साहिब अस्पताल में बिस्तरों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 करने और चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टॉफ के रिक्त पदों को भरने की घोषणा की। उन्होंने यह भी घोषणा की प्रदेश सरकार वाल्मिकी बस्ती के नाले को ढकने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने इस दौरान यमुना शरद महोत्सव आयोजन समिति की ओर से प्रकाशित की गई स्मारिका का विमोचन भी किया।

स्थानीय विधायक सुख राम चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न विकास मांगों का विस्तृत विवरण दिया।

सांसद वीरेंद्र कश्यप, विधायक सुरेश कश्यप, उपाध्यक्ष राज्य नागरिक आपूर्ति निगम बलदेव तोमर, कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी और राज्य भाजपा महासचिव चंदर मोहन ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO