मनोरंजन

Box Office: जकार्ता में हॉकी गोल्ड की पुकार, पर अक्षय की गोल्ड नहीं हुई 100 करोड़ पार

Posted on

मुंबई। जकार्ता में चल रहे एशियाई खेलों में भारत की पुरुष हॉकी ने रविवार को दक्षिण कोरिया को हराकर अपने पूल में टॉप किया और सेमीफ़ाइनल में पहुँचने के साथ अब उसके गोल्ड के आसार बढ़ गए हैं। लेकिन इधर बॉक्स ऑफ़िस पर स्वतन्त्र भारत के पहले ओलम्पिक गोल्ड की कहानी पर बनी अक्षय कुमार की गोल्ड ने उन लोगों को निराश किया है जो दूसरे वीकेंड में फिल्म के 100 करोड़ रूपये का कलेक्शन पूरा हो जाने की उम्मीद लगाए बैठे थे। रीमा कागती के निर्देशन में स्वतंत्र भारत के पहले हॉकी ओलम्पिक गोल्ड की कहानी पर बनी फिल्म गोल्ड ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी रिलीज़ के 12 दिनों में 99 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म अब भी 100 करोड़ से एक करोड़ पीछे है जो सोमवार को पूरा होने की उम्मीद है लेकिन वीकेंड में ये कारनामा नहीं हो सका है। गोल्ड ने दूसरे रविवार को करीब चार करोड़ 75 लाख रूपये का कलेक्शन हासिल किया है। अक्षय कुमार की इस फिल्म ने पहले दिन 25 करोड़ 25 लाख रूपये का कलेक्शन किया था, उस दिन बुधवार था। पहले शुक्रवार को फिल्म ने 10 करोड़ 10 लाख रूपये की कमाई की थी और पहले वीकेंड (शुक्रवार से रविवार) में 37 करोड़ 95 लाख रूपये की। दूसरे वीकेंड में फिल्म को (शुक्रवार से रविवार) नौ करोड़ 50 लाख रूपये की कमाई हुई। करीब 80 करोड़ रूपये में बनी और 3000 से अधिक स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई गोल्ड इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है और अक्षय कुमार के करियर में पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म । फिल्म की कहानी साल 1948 में लंदन में हुए ओलम्पिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम के स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हॉकी का पहला ओलम्पिक गोल्ड लाने की है। गोल्ड में अक्षय कुमार उसी भारतीय हॉकी टीम के ज्वॉइंट मैनेजर तपन दास की भूमिका में हैं। साथ में मौनी रॉय, कुणाल कपूर, विनीत कुमार सिंह और अमित साध भी हैं।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO