खेल

Asian Games 2018: भारतीय पुरूष हाॅकी टीम ने इंडोनेशिया को बड़े अंतर से हराया

Posted on

जकार्ताः भारतीय पुरूष हाॅकी टीम ने यहां निचली रैंकिंग पर काबिज इंडोनेशिया को 17-0 से रौंदकर एशियाई खेलों में खिताब बचाव करने की शानदार शुरूआत की। पूल ए के एकतरफा मुकाबले में भारत के लिए तीन भारतीय खिलाडिय़ों ने हैट्रिक बनायी। दिलप्रीत सिंह (छठे, 29वें, 32वें मिनट), सिमरनजीत सिंह (13वें, 38वें, 53वें मिनट) और मंदीप सिंह (29वें, 44वें, 49वें मिनट) ने हैट्रिक की।वहीं अन्य गोल रूपिंदर पाल सिंह (पहले और दूसरे मिनट), आकाशदीप सिंह (10वें, 44वें मिनट), एस वी सुनील (25वें), विवेक सागर (26वें), हरमनप्रीत सिंह (31वें) और अमित रोहिदास (54वें) ने दागे। भारतीयों के इस मुकाबले में काफी गोल करने की उम्मीद थी क्योंकि इंडोनेशियाई खिलाड़ी दुनिया की पांचवें नंबर की टीम के खिलाफ कहीं भी चुनौती पेश करते नहीं दिखे। इंडोनेशिया को मेजबान होने के नाते इस स्पर्धा में खेलने का मौका मिला है। भारत ने पहले ही मिनट से गोल की शुरूआत की और हूटर बजने तक यह सिलसिला जारी रहा। भारत ने गोल में 40 शाट लगाए जिसमें से उन्होंने 17 को गोल में तब्दील किया। भारत ने 10 मैदानी गोल, छह पेनल्टी कार्नर से और एक स्पाट गोल दागा। टीम ने 11 पेनल्टी कार्नर में से छह को गोल में बदला। इंडोनेशियाई टीम केवल एक बार भारतीय गोल के करीब पहुंच सकी जिससे दोनों टीमों के बीच मुकाबले के स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब भारतीय टीम बुधवार को हांगकांग से खेलेगी।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO