मनोरंजन

अटल बिहारी बाजपेयी की बायोपिक ‘युगपुरुष अटल’ की पिछले साल हुई थी घोषणा, दिलीप कुमार के थे बेहद करीब

Posted on

भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी शुक्रवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। 50 सालों तक सक्रिय राजनीति करने के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी 3 दफा भारत के प्रधानमंत्री रहे। अटल बिहारी वाजपेयी की ही शख्सियत थी कि क्या विपक्ष और क्या उनकी पार्टी बीजेपी के नेता, हर कोई उनसे ताउम्र आत्मीयता से ही मिला। दिल्ली में जब उनकी अंतिम यात्रा निकल रही थी, इस दौरान उमड़ा जनसैलाब इस बात की गवाही दे रहा था कि वह लोगों के बीच में किस कदर लोकप्रिय थे।स्मृति स्थल में उनको अंतिम विदाई देने पहुंचे कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी अटल बिहारी वाजपेयी के कद को बताने के लिए काफी थी। खैर, अब जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के जाने के साथ ही भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया, तब इस बात को लेकर भी फिर से चर्चाएं तेज हैं कि अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक बनती है, तो इसमें कौन लीड रोल में होगा। ऐसा कौन सा अभिनेता होगा जो इस कद्दावर नेता के किरदार को सिल्वर स्क्रीन पर उसी जादू से निभा सकेगा, जैसी कि वे असल जिंदगी में शख्सियत थे। ये देखने वाली बात होगी।बता दें कि 2017 में अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक ‘युगपुरुष अटल’ की घोषणा की गई थी। निर्देशक मयंक पी. श्रीवास्तव और निर्माता राजीव ने अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक बनाने की घोषणा उनके जन्मदिन के मौके पर की थी। इस फिल्म का संगीत तैयार करने की जिम्मेदारी बप्पी लहरी को दी गई थी।तब मीडिया से बातचीत करते हुए संगीतकार बप्पी लहिरी ने कहा था- ‘मैं उनकी जिंदगी पर बन रही बायोपिक का संगीतकार हूं। फिल्म के दो से तीन गाने तैयार हो रहे हैं और वह गाने बहुत अच्छे बन रहे हैं। राजीव फिल्म के निर्माता हैं और मयंक पी. श्रीवास्तव फिल्म का निर्देशन करेंगे। यह एक फिल्म होगी। बस कुछ ही दिनों में उनका किरदार निभाने के लिए, उनकी तरह बोलने, उठने, बैठने वाले अभिनेता को कास्ट किया जाएगा। उनकी कविताओं को गानों में शामिल किया गया है। हमने खूब रिसर्च किया है।’ बहरहाल ‘युगपुरुष अटल’ की घोषणा होने के बाद इस फिल्म को लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आया है।खैर, अटल बिहारी वाजपेयी का कई फिल्मी सितारों से भी करीबी रिश्ता रहा है। दिलीप कुमार, लता मंगेशकर, शत्रुघ्न सिन्हा और विनोद खन्ना जैसे सितारे पूर्व प्रधानमंत्री के करीबी रहे हैं। एक दफा दिलीप कुमार भी अटल जी का किरदार पर्दे पर निभाना चाहते थे, लेकिन तब ये मामला कद-काठी के अलग होने के चलते ठंडा पड़ गया था। परेश रावल और अक्षय कुमार ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक को करने में दिलचस्पी दिखाई थी। अटल बिहारी वाजपेयी लता मंगेशकर के गानों के भी दीवाने थे और अक्सर मुलाकात होने पर अपने कुछ पसंदीदा गानों को लता मंगेशकर से गुनगुनाने की दरख्वास्त भी करते थे।बहरहाल, अब जबकि अटल बिहारी वाजपेयी इस दुनिया में नहीं हैं, तब कई लोग उनकी बायोपिक में इस करिश्माई नेता को एक बार फिर से सिल्वर स्क्रीन पर देखना चाहेंगे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO