सोलन

डॉ. बिंदल द्वारा चाकल गांव में आपदा के कारण चार लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त

Posted on

चाकल गांव में मृतकों के परिजनों से मिले तथा राहत व बचाव कार्य का लिया जायज़ा
प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल के कुरगल के समीप चाकल गांव में भारी वर्षा के कारण मकान ढहने से चार लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। डॉ. बिंदल आज इस घटना की जानकारी मिलते ही चाकल पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रभावित परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनांे को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। चाकल ग्राम में मकान ढहने से चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इनमें 32 वर्षीय देवेंद्र पुत्र रूपराम, उनकी पत्नी 28 वर्षीय मीना देवी तथा दो बच्चे 6 वर्षीय आदित्य एवं 3 वर्षीय हर्षिता हैं।
डॉ. बिंदल ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का जायज़ा लिया तथा जि़ला प्रशासन को त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जि़ला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को राहत एवं पुनर्वास संबंधी आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ है तथा सोलन जिला सहित समूचे प्रदेश में प्रभावितों एवं मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें प्रभावित स्थल पर पहुंचने एवं राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में प्रशासन को निर्देश जारी करने के आदेश दिए।
डॉ. बिंदल ने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग एवं प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड को निर्देश दिए कि भारी बारिश के कारण प्रभावित पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं, अवरूद्ध मार्गों तथा विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सुचारू किया जाए।
मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 20 हजार रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। राहत एवं पुनर्वास मैनुअल के अनुरूप शीघ्र ही अन्य सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, बघाट बैंक के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप, उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, अन्य अधिकारी तथा राहत एवं बचाव दल के कर्मी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO