मंडी
संधोल क्षेत्र केे लिए 140 करोड़ रूपये की पेयजल योजना स्वीकृत: महेन्द्र सिंह ठाकुर
मण्डी – सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी तथा सैनिक कल्याण मंत्री श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दूसरे दिन आज भदरेढ़, ग्रोडू, निचला नलयाणा, उपरली नलयाणा, हियूण, धलौण, तनियार, टिकर तथा चम्यार गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी तथा अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया। इस अवसर पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि संधोल क्षेत्र के लिए 140 करोड़ रूपये की एक पेयजल योजना स्वीकृत की गयी है, जिसका कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जायेगा । उन्होंने कहा कि इस योजना का कार्य दो वर्षो के अंदर पूरा कर क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाया जायेगा ।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दिन-प्रतिदिन भू-जल स्तर में कमी आ रही है, जिसमें सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 4,751 करोड़ रूपये की वर्षा जल संग्रहण योजना स्वीकृत की है, जिसकी 708 करोड़ रूपये की पहली किश्त प्राप्त हो चुकी है, जिसमें से 350 करोड़ रूपये की राशि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में खर्च की जायेगी । उन्होंने कहा कि योजना के तहत चैक डैमों का निर्माण किया जायेगा, जिससे एकत्रित पानी का प्रयोग बागवानी व कृषि कार्य के लिए किया जायेगा ।
उन्होंने कहा कि संधोल से सरकाघाट वाया गद्दीधार तथा संधोल से सरकाघाट वाया सिद्धपुर सड़कों को डबललेन किया जायेगा । उन्होंने कहा कि क्षेत्र की धलौण से बाग सड़क का निर्माण कार्य भी शीघ्र ही आरंभ कर दिया जायेगा । श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि टिहरा में मिनी सचिवालय का निर्माण निर्धारित स्थल पर ही किया जायेगा जिसका कार्य शीघ्र ही आरंभ किया जायेगा । उन्होंने कहा कि 2 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गद्दीधार में विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण किया जायेगा । उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र की सभी पंचायतों को स्वच्छता अभियान के तहत एक-एक लाख रूपये की राशि प्रदान की जा रही है ।
उन्होंने महिला मंडल भदरेढ़ के लिए 20 हजार रूपये देने की घोषणा भी की । इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री मुकेश हीरा, पंचायत समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार, धर्मपुर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह, पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे ।