कांगड़ा

शाहपुर-चकवन लपियाणा सड़क के सुधारीकरण पर खर्च होंगे 9 करोड़: सरवीन चौधरी

Posted on

धर्मशाला, शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने बुधवार को शाहपुर से चकवन लपियाणा सड़क के सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों की स्थिति में गुणात्मक सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाहपुर से चकवन लपियाणा सड़क के सुधारीकरण कार्य पर लगभग नौ करोड़ रुपये व्यय होंगे। यह कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इस सड़क के बनने से शाहपुर, डोहब, सदूं, हरनेरा, मनेई तथा लपियाणा पंचायतों के 15-20 गांवों के दस हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सरवीन चौधरी सड़क सुधारीकरण कार्य के शुभारंभ के उपरांत शाहपुर के 39 मील स्थित सामुदायिक भवन परिसर में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि शाहपुर से चकवन लपियाणा सड़क के सुधारीकरण कार्य को एक से डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोताही सहन नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण के साथ-साथ पानी की निकासी का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हारचक्कियां से धारखुर्द सड़क पर 2.60 करोड़, ठेहड़ से परगोड़ सड़क पर 3.60 करोड़ रुपये व्यय होंगे। उन्होंने बताया कि सम्बंधित विभाग इनका कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिये गये हैं।
सरवीन चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान वित्त वर्ष में 54 किलोमीटर सड़कों की टायरिंग का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से लगभग 26 किलोमीटर सड़कों में टायरिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों का कार्य बरसात के बाद किया जायेगा। इसके अतिरिकत सदूं-प्रेई सड़क का निर्माण नाबार्ड के अंतर्गत किया जायेगा।
मुख्यमंत्री करंेगे धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर धर्मशाला स्मार्ट सिटी की कुछ परियोजनाओं के शिलान्यास एवं कुछ पूर्ण कर ली गईं योजनाओं के लोकार्पण के लिए धर्मशाला आयेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ई-नगरपालिका (नगरपालिका ई-शासन सेवाएं) तथा जीआईएस वेब पोर्टल (भौगोलिक सूचना प्रणाली) परियोजनाओं का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा बहुत जल्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इनका शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा वे स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत करीब 20 करोड़ रुपए से बनने वाले नियंत्रण कमांड केन्द्र के अलावा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना सहित अन्य कार्यों का नींव पत्थर भी रखेंगे। उन्होंने कहा कि करीब 2.50 करोड़ रुपए लागत की ई-नगरपालिका तथा जीआईएस वेब पोर्टल परियोजनाओं से स्थानीय लोगों के साथ साथ यहां आने वाले पर्यटकों को बड़ी सहूलियत होगी। जीआईएस वेब पोर्टल वन सिंगापुर मैप की तर्ज पर बनाया गया है, जिसपर शहर की सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध होने के अलावा स्मार्ट सिटी की सभी परियोजनाएं इस पोर्टल पर परिलक्षित होंगी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगराज चड्डा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत से जानकारी दी।
शहरी विकास मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं
सरवीन चौधरी ने इस दौरान लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष अश्वनी चौधरी, महासचिव अमरीश पमार, एडवोकेट दीपक अवस्थी, राकेश मनु, अश्वनी चौधरी, शाहपुर की प्रधान अरूणा देवी, प्रधान गोरडा जसवीर, जिला वन अधिकारी प्रदीप भारद्वाज, अधिशाषी अभियंता संजीव महाजन, अधिशाषी अभियंता स्मेल सिंह, राजीव महाजन, एसडीओ विवेक कालिया, सुशील धीमान, बीडीसी सदस्य रवि दत, नैनो देवी, अंजू ठाकुर, तथा राजेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहें।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO