कांगड़ा

स्कलों-कॉलेजों में बनाए जाएंगे सड़क सुरक्षा क्लब: जिलाधीश संदीप कुमार

Posted on

सड़क दुर्घटनाएं रोकने को कांगड़ा जिला प्रशासन की एक और पहल

धर्मशाला, जिलाधीश कांगड़ा संदीप कुमार ने कहा कि किशोर विद्यार्थियों को सुरक्षित ड्राईविंग को लेकर संवेदनशील बनाने एवं जागरूक करने के लिए जिला के शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा क्लब बनाए जाएंगे। इन क्लबों में अध्यापक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल होंगे। शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को इनके गठन को लेकर कहा गया है। इससे सड़क पर लोगों की सुरक्षा तय करने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने में मदद मिलेगी। जिलाधीश ने कहा कि सड़क सुरक्षा क्लब बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों बारे शिक्षित करने में सहायक होंगे। अमूमन देखा गया है कि नौजवान बिना हेलमेट पहने सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना करते हुए तेजरफतारी से बाईक अथवा स्कूटर चलाते हैं। ज्यादातर दुर्घटनाएं इन्हीं कारणों से होती हैं। कई छात्र घर से विद्यालय अथवा कॉलेज दोपहिया वाहन लेकर आते है, इनमें से कई बच्चों के पास वैध लाइसेंस तक नहीं होते। सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी नहीं होने के चलते कई बार बच्चे वाहन दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं।
संदीप कुमार ने कहा कि इसके अलावा प्रधानाचार्यों को सस्थानों के परिसर में विद्यार्थियों के बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन के प्रवेश पर रोक लगाने और ऐसा करने पर अभिभावकों को सूचित करने जैसे कदम उठाने को भी कहा गया है।
सड़क दुर्घटनाओं में 3 सालों में 175 लोगों ने गंवाई जान
जिलाधीश ने पुलिस अधीक्षक संतोष पटियाल द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के मामलों के बारे में दी गई जानकारी सांझा करते हुए बताया वर्ष 2015 से 30 जून, 2018 तक कांगड़ा जिला में दुपहिया वाहनों की 722 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 175 लोगों की मृत्यु हो गई और 919 लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा चिंताजनक है और परेशान करने के साथ साथ सोचने पर मजबूर करने वाला है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला प्रशासन सड़क पर लोगों की सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है। जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को निरंतर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को सड़क नियम-कानून का सबक सिखाने के लिए जिला में ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ का नियम भी लागू किया गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट के चलने वाले दुपहिया वाहन सवारों को पेट्रोल न देने के आदेश जारी किए गए हैं।इस नियम का सख्ती से पालन करना तय किया गया है।
संदीप कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अलावा उपमंडलाधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन से भी सड़क नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई को कहा गया है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों की पालना को लेकर सहयोग की अपील की है।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO