ऊना
गगरेट के सलोह बैरी में पशु पालन विभाग द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित
जन मंच पूर्व गतिविधियों के तहत गगरेट खंड में सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूक हो रहे लोग
ऊना, गगरेट विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलोह बैरी में आज पशुपालन विभाग द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 50 पशु पालकों ने भाग लिया। शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी गगरेट डॉ0 स्मृति राणा ने पशु पालकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार बीपीएल बकरी पालन योजना के अंतर्गत 60 प्रतिशत अनुदान पर बकरी इकाई वितरित की जा रही है। उन्होने बताया कि इच्छुक एवं पात्र किसान दो (बकरी) जमा एक (बकरा), चार (बकरी) जमा एक (बकरा) तथा 10 (बकरी) जमा एक (बकरा) बकरी की इकाई का आवंटन किया जा रहा है। उन्होने बताया कि सरकार बकरी इकाई वितरित करने के साथ-साथ जहां तीन माह की फीड साथ प्रदान कर रही है तो वहीं बीमा भी सरकार की ओर से मुफ्त किया जा रहा है। इसके अलावा पशु पालकों को पशु पंजीकरण योजना, कुत्तों को रैबीज से बचाव के लिए नि:शुल्क टीकाकरण, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
जन मंच पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के माध्यम से डिजिटल एवं डिजिटल फ्रॉड इत्यादि को लेकर वित्तीय जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसमें महाविद्यालय के लगभग 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ग्राम पंचायत कैलाश नगर में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया जिसमें जहां स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तो वहीं लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मुहैया करवाई गई। इस बीच आईपीएच विभाग के माध्यम से गुगलैहड बढेडा में पेयजल टैंको की साफ-सफाई भी की गई। इस बीच लोगों को पांच अगस्त को भद्रकाली में निर्धारित जन मंच को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।