सोलन

हिमाचल के विकास के लिए केंद्र सरकार से करवाई 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत-डॉ. सैजल

Posted on

84 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रावमापा लोहारघाट के भवन का शिलान्यास सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि वर्तमान सरकार के संक्षिप्त कार्यकाल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए केंद्र से 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं। डॉ. सैजल गत सांय अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत क्यार कनैता के लोहारघाट में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारघाट के 84.11 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने सरसा गांव में 4.50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण भी किया। डॉ. सैजल ने कहा कि वर्तमान में केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल के विकास के लिए समुचित धन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि जनकल्याण के लिए विभिन्न परियोजनाएं केंद्र को प्रस्तुत करें ताकि इनके लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पेयजल एवं सिंचाई, पर्यटन सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में केंद्र से विभिन्न योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्ष 2000 से पूर्व की निर्मित पेयजल योजनाओं के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए केंद्र सरकार ने 800 करोड़ रुपये, वर्षा जल संग्रहण एवं अन्य जलापूर्ति योजनाओं के लिए 4751 करोड़ रुपये ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के लिए 3267 करोड़ रुपये तथा पर्यटन क्षेत्र के लिए 1900 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं। इन योजनाओं पर कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास को घर-घर तक पहुंचाने में विश्वास रखती है। उन्होंने लोगांे से आग्रह किया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों का आह्वान किया कि वे जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विद्यालयों को आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश के 2137 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए गए हैं। छात्रों के बोलचाल के कौशल को निखारने के लिए 36 भाषा प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि युवाआंे को नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों की जानकारी प्रदान करें तथा उन्हें नशे से दूर रखें।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारघाट के भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि के रूप में 20 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने राम रतन शर्मा शहीद स्मारक स्थल के लिए 2 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोहारघाट में स्थानीय स्तर पर 15 बीघा भूमि उपलब्ध होने पर सब्जी मंडी निर्मित करने के लिए 50 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोहारघाट में वर्षा शालिका के निर्माण के लिए प्राक्कलन के अनुसार राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले लोहारघाट विद्यालय के छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
उन्होंने इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला जोबी के भवन का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस भवन को गिराने के संबंध में 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
अर्की से भाजपा के उम्मीदवार तथा प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में दिन दोगुनी और रात चौगुनी उन्नति करेगा। नालागढ़ के पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष केएल ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने पहले ही बजट में जन कल्याण के लिए 30 नई योजनाएं प्रस्तुत की हैं। अर्की के पूर्व विधायक गोबिंद राम शर्मा ने कहा कि भाजपा का वर्तमान कार्यकाल अर्की सहित समूचे प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखेगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश महाजन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा भाजपा अर्की के मंडल अध्यक्ष बाबू राम पंवर ने मांग पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर लोहारघाट के निवासियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 21 हजार रुपये का चैक डॉ. सैजल को भेंट किया।
इस अवसर पर अर्की के पूर्व विधायक गोबिंद राम शर्मा, नालागढ़ के पूर्व विधायक एवं जिला भाजपा अध्यक्ष केएल ठाकुर, अर्की से भाजपा के उम्मीदवार रहे रतन सिंह पाल, जिला परिषद सोलन के उपाध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, भाजपा मंडल अर्की के अध्यक्ष बाबू राम, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के सचिव दलीप पाल, एपीएमसी के सदस्य अमर सिंह परिहार, भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के सदस्य जयानंद शर्मा, भाजयुमो के अर्की मंडल के अध्यक्ष योगेश गौतम, भाजपा मंडल प्रभारी इंद्र पाल, भाजपा मंडल अर्की के महामंत्री नरेश हांडा, यशपाल कश्यप, ग्राम पंचायत सौर की प्रधान लक्ष्मी शर्मा, ग्राम पंचायत क्यार कनैता की प्रधान गीता महाजन, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO