खेल

भारत की पहली भिड़ंत ओलंपिक चैंपियन इंग्लैंड से, कप्तान रानी की टीम उलटफेर को बेताब

Posted on

आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम महिला हॉकी विश्व कप के पहले मैच में शनिवार को ओलंपिक चैंपियन मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी। भारत पूल-बी में 26 जुलाई को आयरलैंड से और 29 जुलाई को दुनिया की सातवें नंबर की टीम अमेरिका से खेलेगा। भारतीय कप्तान रानी मैच से पहले आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही हैं।रानी ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले कहा,’दबाव हम पर नहीं, इंग्लैंड पर होगा।’

उन्होंने कहा, ‘उन्हें अपनी धरती पर खेलने का फायदा मिलेगा लेकिन हमें भी खचाखच भरे मैदानों में खेलने की आदत है। हमने इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है और राष्ट्रमंडल खेलों के ग्रुप चरण में उसे हराया था।’ एफआईएच विश्व कप में भारत आखिरी बार 2010 में अर्जेंटीना में खेला था। रानी तब काफी सफल रही थीं। इस बार भी कप्तान रानी पर काफी दारोमदार होगा। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम दो साल से बेहतर प्रदर्शन कर रही है और टीम ने अपनी श्रेष्ठ 10 वीं रैंकिंग भी हासिल की।

मुख्य कोच सोएर्ड मराइन ने कहा, ‘अब फॉरवर्ड पंक्ति सिर्फ रानी पर निर्भर नहीं है। हमारे पास वंदना कटारिया जैसे युवा स्ट्राइकर हैं जो टीम के लिए कई बार गोल कर चुकी हैं।’उन्होंने कहा, ‘हमारे पास गुरजीत कौर जैसी ड्रैग फ्लिकर भी हैं जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकरों में से एक है।’

टूर्नामेंट शुरू होने से एक सप्ताह पहले यहां पहुंच चुकी भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम से दो अभ्यास मैच भी खेले। रानी ने कहा, ‘हमारे दोनों अभ्यास मैच अच्छे रहे और अब इंग्लैंड के खिलाफ हम उस लय को कायम रखेंगे।’

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO