भारत और बांग्लादेश के बीच 22 से 26 नवंबर तक कोलकाता में खेला जाने वाला श्रृंखला का दूसरा टेस्ट क्रिकेट मैच दिन-रात्रि में खेला जाएगा। यह भारत और बांग्लादेश दोनो का ही पहला दिन-रात का टेस्ट मैच होगा। इडेन गार्डन स्टेडियम में होने वाला ये मुक़ाबला एक बार फिर से कोलकाता के इस स्टेडियम की अहमियत को दुनिया के सामने रखेगा।भारत और बांग्लादेश के बीच नवंबर में होने वाली दो मैच की टेस्ट सीरीज़ ऐतिहासिक रहने वाली है, दरअसल इस सीरीज़ का दूसरा मुका़बला जो कि कोलकाता में होना है डे-नाइट टेस्ट के रूप में सामने होगा। यानि भारत पहली बार डे-नाइट टेस्ट में खुद को टेस्ट करने के लिए तैयार रहेगा। इडेन गार्डेंस स्टेडियम पहले भी कई ऐतिहासिक पलों का गवाह बन चुका है। ये एशिया का ऐसा सबसे पुराना मैदान है जहां अब भी टेस्ट क्रिकेट खेला जाता है। इडेन गार्डन्स में पहला टेस्ट 5 जनवरी 1934 को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया।इंग्लैंड के बाहर वनडे वर्ल्ड कप का पहला फ़ाइनल मुक़ाबला इसी मैदान पर खेला गया था. ये मैच 8 नवंबर 1987 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की और पहली बार ऑस्ट्रेलिया की टीम वर्ल्ड चैंपियन बनकर सामने आई। ईडेन गार्डेंस ही वो मैदान रहा जहां एशियन टेस्ट चैंपियनशिप का पहला मैच खेला गया ये मैच 16 फरवरी 1999 से भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया. अब 22 नवंबर 2019 भारतीय उपमहाद्वीप का पहला डे नाइट टेस्ट की मेज़बानी के लिए इडेन गार्डेंस तैयार है। वैसे डे नाइट टेस्ट की बात करे तो पहला डे नाइट टेस्ट मुका़बला ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच एडिलेड के मैदान पर साल 2015 में खेला गया था जहां ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से जीत हासिल की थी। अब तक 11 डे नाइट टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। लेकिन भारत और बांग्लादेश ने अब तक कोई डे नाइट टेस्ट नहीं खेला है।डे नाइट टेस्ट मैच में लाल की जगह गुलाबी गेंद का इस्तेमाल होता है और काली साइट स्क्रीन का इस्तेमाल होता है। तो यकीनी तौर पर एक भारतीय क्रिकेट खुद के गौरवपूर्ण इतिहास की कड़ी में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है।