गाँवों के विकास के लिए नाबार्ड और पेडा से ली जायेगी मदद
चंडीगढ़ – पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री स. तृप्त राजिन्दर सिंह बाजवा द्वारा आज गाँवों के विकास के लिए नाबार्ड और पेडा के अधिकारियों के साथ की गई एक विशेष मीटिंग में गाँवों की लिंक सडक़ों को चौड़ा और मज़बूत करने, कच्चे रास्ते पक्के करने, सोलर ऊर्जा वाली लाईटें लगाना, छप्पड़ों की सफ़ाई और पानी की निकासी सम्बन्धी विभिन्न विषयों संबंधी विचार विमर्श किया गया है। इस मीटिंग में नाबार्ड द्वारा पंजाब के चीफ़ जनरल मैनेजर श्री जे.पी.एस बिंद्रा और सहायक जनरल मैनेजर श्री कैलाश पाहवा और पेडा द्वारा सहायक जनरल मैनेजर श्री जसपाल सिंह शामिल हुए।पंचायत मंत्री ने इस मीटिंग में पेडा अधिकारियों को हिदायत की कि जल्द-से- जल्द गाँवों के लिए केंद्र सरकार के नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा चलाईं जा रही स्कीमों के अंतर्गत सहायता प्राप्त करने के लिए प्रस्ताव बनाकर देंगे जिससे मंत्रालय के सम्बन्धित अधिकारियों के साथ मामला विचारा जा सके। इसके अलावा उन्होंने पंचायत विभाग को हिदायतें जारी की कि सोलर ऊर्जा सम्बन्धी सभी केंद्रीय स्कीमों का अधिक-से-अधिक लाभ लेने के लिए गाँवों की निशानदेही करके उनके पास रिपोर्ट पेश की जाये। मीटिंग के दौरान यह भी फ़ैसला किया गया कि लिंक सडक़ों को मज़बूत और चौड़ा करने के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से प्रस्ताव तैयार करवाकर नाबार्ड को भेजा जाएगा जिससे नाबार्ड से अपेक्षित सहायता ली जा सके।इसके अलावा पंचायत मंत्री ने अधिकारियों को कहा कि उनके विभाग द्वारा सरहदी जिलों के गाँवों के विकास के लिए भी पंजाब सरकार के सम्बन्धित अधिकारियों के द्वारा नाबार्ड को एक विशेष प्रस्ताव तैयार करके भेजा जायेगा। नाबार्ड अधिकारी इस कार्य के लिए अधिक-से-अधिक सहयोग देने के लिए तैयार हैं।