हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पौधरोपण मात्र एक कार्यक्रम नहीं अपितु भविष्य के संरक्षण एवं पर्यावरण का सजग प्रहरी बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पग है। डॉ. बिंदल आज नगर परिषद सोलन के वार्ड नंबर 14 में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेवा समिति द्वारा आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. बिंदल ने इस अवसर पर बेल का पौधा रोपा। क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेवा समिति द्वारा प्रातः 5.00 बजे से 200 से अधिक पौधे लगाए गए। पौधरोपण कार्यक्रम अगले तीन दिन तक जारी रहेगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का एक अलग जिला बनने के उपरांत सोलन ने प्रगति के अनेक सोपान तय किए हैं। आज सोलन जिला एवं सोलन शहर, विकास के अनेक आयामों को प्राप्त कर चुका है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय सर्वाधिक सोलन में है। उन्होंने कहा कि सोलन आज कंकरीट के जंगल में बदल रहा है। इस दिशा में हम सभी को समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करना होगा ताकि सोलन को हरा-भरा रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमें न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने हांेगे अपितु उन पौधों की शिशुओं की तरह देखभाल भी करनी होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम सुनियोजित विकास के लिए भी आवश्यक हैं। उन्हांेने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वायु हिमाचल में पर्यटन गतिविधियों को वृहद विस्तार देने में सहायक सिद्ध होगी। वृक्षारोपण की दिशा में सोलन को नाहन से प्रेरणा लेनी होगी। नगर पालिका नाहन इस माह में बहेड़ा, आंवला, चंदन, कपूर और रूद्राक्ष सहित अनेक प्रजातियों के 2500 पौधे लगा रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लें और पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित बनाएं। प्रदेश सरकार इस वर्ष वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों पर 651 करोड़ रुपये व्यय कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आज हमारा देश विश्व में अपने विकास और नवीन योजनाओं के लिए जाना जा रहा है। वर्तमान में भारत में राष्ट्रीय राजमार्ग का घनत्व बढ़कर 20 प्रतिशत हो गया है। हिमाचल के लिए केंद्र सरकार द्वारा 69 नए राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन 69 राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्मित होने के उपरांत हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग का घनत्व बढ़कर 126 प्रतिशत हो जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आयुष्मान भारत और जनधन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वार्ड नंबर-14 में शीघ्र ही नगर परिषद सोलन द्वारा पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय महाकालेश्वर मंदिर के समीप नाले के कार्य एवं भूमि कटाव रोकने के लिए 3 लाख रुपये तथा सड़क पर पेवर निर्मित करने के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि शीघ्र ही उपायुक्त सोलन के माध्यम से उपलब्ध करवा दी जाएगी।
उन्होंने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निवारण के निर्देश दिए। व्यापार मंडल सोलन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने इस अवसर पर डॉ. राजीव बिंदल को बेल का पौधा भेंट किया।
बघाट बैंक के अध्यक्ष तथा जिला भाजपा सोलन के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सोलन शहर का सुनियोजित विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और नागरिकों के सहयोग से इसे पूरा किया जाएगा। नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने नगर परिषद की सोलन के लिए विकास की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
नगर परिषद सोलन की उपाध्यक्ष मीरा आनंद ने इस अवसर पर वार्ड नंबर 14 में हुए विकास का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
नगर परिषद सोलन के मनोनीत पार्षद नरेश गांधी ने कहा कि वार्ड नंबर 14 के सभी निवासियों के सहयोग से पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि लगाए गए सभी पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। सेवा समिति के उपाध्यक्ष प्रेम ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
डॉ. राजीव बिंदल की धर्मपत्नी मधु बिंदल, जिला परिषद सदस्य शीला, नगर परिषद के पार्षदगण, आढ़ती एसोसिएशन सोलन के उपाध्यक्ष एवं एपीएमसी सोलन के सदस्य पदम सिंह पुंडीर, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष भरत साहनी, अन्य पदाधिकारी, खंड समिति कंडाघाट के पूर्व अध्यक्ष नंदराम कश्यप, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट जिनके पास सोलन का कार्यभारी भी है डॉ. संजीव धीमान, उप पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेवा समिति अध्यक्ष जेपी वर्मा, महासचिव श्याम भटनागर, कोषाध्यक्ष अश्वनी ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में इस अवसर पर उपस्थित थे।
